इंदौर शहर की क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है जिसके पास से अवैध मात्रा में कई पिस्टल बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बदमाश मल्हारगंज क्षेत्र में इन हथियारों की सप्लाई करने आया था। लेकिन इसके पूर्व ही मल्हारगंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी आदित्य मिश्रा के अनुसार क्राइम ब्रांच पुलिस और मल्हारगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्षेत्र के महावीर बाग एरिया से एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 6 अवैध पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बदमाश अपने साथ कुछ अवैध हथियार लिए घूम रहा है। पुलिस ने सूचना मिलते ही महावीर क्षेत्र से घेराबंदी कर बदमाश को गिरफ्तार किया है। जिसका नाम लक्ष्मण पालीवाल निवासी आमला थाना मावली जिला उदयपुर राजस्थान बताया गया है।
पुलिस ने बदमाश के पास से 6 पिस्टल और मैगजीन सहित 12 का जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ मे बदमाश ने बताया है कि वह सभी पिस्टल खरगोन के सिकलीगर से लाया है। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा अवैध हथियार राजस्थान,मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों मे बेच चुका है।
