- पांच साल का आर्यन भी घायल है और उसका इलाज जारी है।
इंदौर। मधुमक्खियों के हमले से घायल तीन साल के मासूम बालक की शहर के एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके साथ ही घायल हुए एक अन्य पांच साल का बालक भी अस्पताल में भर्ती है। मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला धार के मनावर के लुनेरा गांव का है।
यहां पर मां अपने दो बच्चों के साथ खेत पर जा रही थी। तभी एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से झुंड ने इन पर हमला कर दिया। छोटे बेटे तीन साल के रवींद्र को बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने शिकार बनाया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे से मधुमक्खियां चिपक गई। आसपास के गांववालों ने धुंआ कर मधुमक्खियों को हटाया।
बाद में घायलों को स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया। यहां इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई। पांच साल का आर्यन भी घायल है और उसका इलाज जारी है।
