मकान निर्माण के लिए खोदे गड्ढे में डूबने से तीन साल के बच्चे की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर में हादसा, दो माह पहले ही अशोक नगर से इंदौर रहने आया है परिवार।
शहर में एक हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। निरंजनपुर क्षेत्र में मकान निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए थे, जिनमें बारिश का पानी भर गया था। बच्चा खेलते-खेलते गड्ढे के पास चला गया और उसमें डूब गया।

लसूड़िया थाना पुलिस ने बताया कि निरंजनपुर क्षेत्र में रहने वाले छोटू वंशकार के तीन साल के बेटे रितिक की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। छोटू ने बताया कि वह मजदूरी करने चला गया था। शाम को पत्नी घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान रितिक खेलते-खेलते बाहर चला गया। जब रितिक नहीं दिखा तो खोजबीन शुरू हुई तो वह मकान निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में मिला। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ है। बच्चे को निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो माह पहले ही इंदौर में रहने आया था परिवार
छोटू वंशकार ने बताया कि वह मूल रूप से अशोक नगर का रहने वाला है। दो माह पहले ही इंदौर आया और निरंजनपुर क्षेत्र में किराए का मकान लिया था। उनके घर के आसपास मकान निर्माण का काम चल रहा है। इसके लिए गड्ढे भी खोदे गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है।

Exit mobile version