भूमाफिया चंपू और चिराग के सेटलमेंट का सच जांचेगी कमेटी, पहली बैठक 9 मई को

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के भूमाफिया चंपू अजमेरा, चिराग शाह और उनके साथियों द्वारा पीड़ितों से किए गए सेटलमेंट के सच की जांच करने वाली समिति की पहली बैठक मंगलवार को दोपहर 12 बजे होगी। हाई कोर्ट के सभागृह में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जज आइएस श्रीवास्तव करेंगे। कमेटी में एडीएम अभय बेडेकर और चार जोन के एएसपी भी शामिल हैं। कमेटी 21 जून से पहले हाई कोर्ट को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।

गौरतलब है कि भूमाफिया चंपू अजमेरा, चिराग शाह और अन्य पर आरोप हैं कि उन्होंने कालिंदी गोल्ड, फीनिक्स और सैटेलाइट हिल्स कालोनियों में प्लाट के नाम पर लोगों से पैसा लिया और उन्हें भूखंड ही नहीं दिए। पीड़ित वर्षों से भटक रहे हैं। आरोपितों ने किसानों को भी धोखा दिया और बगैर पैसा दिए ही उनकी जमीन पर कालोनियां काट दी। शिकायतों के बाद चंपू अजमेरा और चिराग को गिरफ्तार कर लिया गया था।

जमानत के बाद भी पीड़ितों को नहीं दी राहत
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को इस शर्त पर जमानत दी थी कि वे पीड़ितों को प्लाट देंगे। इसके बावजूद जब आरोपितों ने पीड़ितों को कोई राहत नहीं दी तो प्रशासन ने हाई कोर्ट में आरोपितों की जमानत निरस्त करने के लिए आवेदन दिया। इस पर बहस सुनने के बाद हाल ही में कोर्ट ने सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जज आइएस श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। मंगलवार को इसी कमेटी की पहली बैठक है। समिति ने पीड़ितों को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है।

Exit mobile version