मैं आप सभी का एक बार फिर हृदय से स्वागत करता हूँ। भारत की आजादी के अमृतकाल में मध्यप्रदेश में अमृत वर्षा हो रही है। इंदौरवासियों ने आपके लिए अपने घर के द्वार भी खोले हैं और दिल के द्वार भी खोले हैं। एक अद्भुत उत्साह और उमंग का वातावरण है। कल 66 देशों के प्रवासी भारतीयों ने ग्लोबल गार्डन में पौधे लगाए हैं। आज सारा देश प्रधानमंत्री जी के पीछे खड़ा है। प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छ भारत का मंत्र दिया, तो इंदौर ने स्वच्छता का छक्का लगा दिया। प्रधानमंत्री जी ने आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया तो मध्यप्रदेश ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप बना लिया। प्रधानमंत्री जी ने भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की ईकोनोमी बनाने का मंत्र दिया तो हमने भी इसके लिये मध्यप्रदेश को 550 बिलियन डॉलर की ईकोनोमी बनाने का रोडमैप बना लिया। 100 साल पहले एक नरेंद्र ने कहा था कि महानिशा का अंत निकट है, अंधे देख नहीं सकते, बहरे सुन नहीं सकते लेकिन मैं देख सकता हूँ कि भारत माता विश्वगुरु के पद पर आसीन हो रही है। एक नरेंद्र ने कहा था, और आज दूसरे नरेंद्र के नेतृत्व में यह साकार हो रहा है। पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम के सूत्र में नरेंद्र मोदी जी बांध रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत कई मामलों में विश्व का नेतृत्व करे, मेरी यही कामना है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्य प्रदेश में अमृत वर्षा हो रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधान मंत्री श्री मोदी ने आत्मनिर्भरता,स्वच्छता और मजबूत अर्थ व्यवस्था के मंत्र दिए हैं। मध्य प्रदेश में उनके मंत्र को जमीन पर उतारा जा रहा है। उनके स्वच्छता के आह्वान को इंदौर ने स्वीकारा। एक एक नागरिक ने झाड़ू उठा ली। इंदौर एक दो बार नहीं,पूरे छह बार देश का सबसे साफ सुथरा शहर बना है।
