एरोड्रम क्षेत्र का मामला, बेटियों को मोबाइल देकर कहा कि बाहर से दरवाजा लगा देना, पत्नी काम से लौटी तो घटना पता चली।
इंदौर में एक पिता ने अपनी दो बेटियों को मोबाइल फोन देकर कहा कि बाहर बैठकर गेम खेलो और अंदर खुद ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। एरोड्रम थाना पुलिस के अनुसार, विजय पिता दगडू निवासी पंचशील नगर ने मंगलवार शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके से कोई सुसाइट नोट नहीं मिला है।
उधर, स्वजन ने बताया कि विजय मजदूरी करता था। पत्नी काम पर गई थी। चार और सात साल की दो बेटियों को मोबाइल फोन देकर बाहर गेम खेलने भेज दिया। यह भी कहा कि दरवाजे को बाहर से लगा लेना। पत्नी जब काम से घर लौटी तो विजय फंदे पर लटका हुआ था। हमें भी समझ नहीं आ रहा है कि यह कदम क्यों उठाया होगा। वहीं, संयोगितागंज थाना क्षेत्र के साजन नगर में रीना पति हरिसिंह नेगी (40) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि संभवत जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है।
