बिस्तर में घुसा सांप, पांच साल के बच्चे को डसा, मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बच्चे के पिता ने बिस्तर में सांप को देखा तो डंडे से मार डाला। बच्चे को इंदौर के एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

कनाड़िया गांव के पांच वर्षीय अंकुर की सांप के डसने से मौत हो गई। अंकुर को सोते वक्त सांप ने डस लिया था। उसके पिता ने सांप को तुरंत मार दिया और अंकुर को सुला दिया। एमवाय पुलिस चौकी ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
शुजालपुर के कनाड़िया गांव में रहने वाले अर्जुन गोस्वामी खेती-किसानी करते हैं। गुरुवार को गंभीर अवस्था में बेटे अंकुर को एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। उपचार के दौरान अंकुर की मौत हो गई। अर्जुन ने बयानों में बताया कि अंकुर उनके साथ ही सो रहा था। करीब चार बजे उसकी नींद खुली तो देखा उसके बिस्तर पर सांप है। अर्जुन ने उसे डंडे से दूर किया और सांप को तुरंत मार दिया।

शरीर पर नहीं दिखा सांप के डसने का निशान
आवाज सुनकर पत्नी आशा और अंकुर भी उठ गए। पति-पत्नी ने अंकुर के शरीर को देखा, लेकिन सांप के डसने के निशान नहीं दिखे। अंकुर से पूछा तो उसने कहा कि कोई तकलीफ नहीं हो रही है। थोड़ी देर बाद पति-पत्नी सो गए। सुबह करीब सात बजे आशा ने देखा तो अंकुर के मुंह से झाग निकल रहा था। पति-पत्नी तुरंत समझ गए कि उसे सांप ने काटा है। नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डाक्टर ने एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया।

Exit mobile version