पुलिस लाइन में पुलिसवाला बनकर बदमाशों ने तलाशी के बहाने मिस्त्री को लूटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बदमाशों ने मिस्त्री को रोका और तलाशी के बहाने 15 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार।
इंदौर में दो बदमाशों ने क्राइम ब्रांच पुलिस बनकर मिस्त्री को लूट लिया। आरोपितों ने तलाशी के बहाने रोका और धमकी देकर 15 हजार रुपये ले गए। घटना जिला पुलिस लाइन परिसर में हुई है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
जोन-3 के डीसीपी धर्मेंद्रसिंह भदौरिया के मुताबिक, रामगढ़ सिकरी (राजस्थान) निवासी भागीरथ पुत्र नारायण कुशवाह ने शिकायत दर्ज करवाई है। भागीरथ देवपुरी कालोनी (बंगाली चौराहा) पर रहता है और मिस्त्री का काम करता है। 23 मार्च को उसने गोयल नगर स्थित एटीएम से 25 हजार रुपये निकाले और छोटा बांगड़दा चला गया। 10 हजार रुपये मजदूरों को दे दिए और बाकी रुपये लेकर घर रवाना हुआ।
15 रुपये लेकर भाग गए बदमाश
भागीरथ जैसे ही पुलिस लाइन स्थित महादेव मंदिर के सामने पहुंचा, स्कूटर (एमपी 09 यूडी 9016) पर आए दो बदमाशों ने उसे रोका और कहा कि तुमको आवाज दी, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी। आरोपितों ने भागीरथ को धमकाया और कहा कि तुम्हारे पास माल रखा हुआ है। उन्होंने स्वयं को पुलिसवाला बताया और कोने में ले जाकर तलाशी लेते हुए रुपये छीन लिए। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version