- चेकिंग में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 150 धराए
इंदौर। कई दिनों से शहर भर में हो रहे अपराधों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रखे थे। लगातार हो रही चाकूबाजी, चोरी व हत्या के चलते शहरवासियों के साथ पुलिस के भी होश उड़ गए। इसी के चलते शहर में पुलिस ने एक्शन मोड में आकर विशेष अभियान चलाया है।इसके दौरान अब तक 3000 से ज्यादा बदमाशों के घर पुलिस दस्तक दे चुकी है । करीब 1500 से ज्यादा बदमाशों को गिरफ्तार भी किया गया है।
रात में पुलिस ने शहर के साथ बायपास पर धावा बोला है। बायपास स्थित लालटेन और जेके ढाबे पर पुलिस ने कार्रवाई की।उनके मैनेजरों को थाने में पहुंचाया। दोनों ढाबे पुलिस की सख्ती के बावजूद बायपास पर देर रात तक चालू थे। इसके साथ ही चेकिंग में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 150लोगों को पकडक़र उनके विरुद्ध जुर्माना किया । रात 10 से 2 बजे तक पूरे शहर में पुलिस का चेकिंग अभियान चलता रहा। जोन 3 के आठ थाना क्षेत्रों में 32 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़ा गया। वहीं जोन 4 में 35 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए। तुकोगंज क्षेत्र में देर रात डीसीपी पंकज पांडे चेकिंग करवा रहे थे। जोन 2 में 47 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए। कनाडिय़ाऔर परदेशीपुरा क्षेत्र में दो चाकूबाज भी पकड़े गए। वे चाकू लेकर कहीं जा रहे थे। इसी प्रकार पुलिस ने एमआइजी चौराहे पर सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते 25 युवकों को पकडक़र उनके खिलाफ कार्रवाई की।जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में है। गुंडो के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मोर्चा संभाले हुए है। चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
