पार्टी से लौट रही युवती को बाइक सवार बदमाशों ने दो थानों के बीच लूटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

विजय नगर और एलआइजी पुलिस थाने के बीच मालवीय नगर चौराहे पर हुई वारदात। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज।
इंदौर। बाइक सवार बदमाशों ने रात तीन बजे एक युवती को लूट लिया। घटना एलआइजी और विजय नगर थाने के बीच हुई। वह दोस्तों का इंतजार कर रही थी, इसी दौरान बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया। विजय नगर थाना पुलिस को सीसीटीवी फुटेज तो मिले हैं, लेकिन आरोपित अभी तक फरार हैं।आदर्श कालोनी सूकीसिम नियालामाखेड़ा शामपुर भोपाल निवासी 25 वर्षीय फरियादी नौशिन अली बहादुर इवेंट्स संबंधित काम करती है। वह एसबीएल होटल में ठहरी हुई थी। बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात करीब 3 बजे एक फेयरवेल पार्टी से होटल की तरफ जा रही थी। नौशिन मालवीय नगर चौराहे पर रुकी थी। वह अपने दोस्तों के आने का इंतजार कर रही थी। अचानक बाइक सवार तीन बदमाश आए और नौशिन का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

पुलिस बल तैनात था, फिर भी हो गई लूट
नाइट कल्चर के कारण जोन-2 के एडिशनल डीसीपी ने क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। एलआइजी और विजय नगर चौराहा पर पुलिस बल तैनात था। इसके बाद भी दोनों थानों के मध्य लूट की वारदात कर अपराधी फरार हो गए।

आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद लिखी लूट की रिपोर्ट
विजय नगर पुलिस ने गुरुवार रात पिपरिया रोड़ जबलपुर निवासी श्रीकांत वर्मा की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया। श्रीकांत को 30 अक्टूबर को बाइक सवार बदमाशों ने स्कीम-54 में लूटा था। इस मामले में पुलिस ने लिखित आवेदन लिया था। तीन दिन पूर्व क्राइम ब्रांच ने एएसआइ की बेटी अंजली को लूटने वालों को पकड़ा था। उन्होंने श्रीकांत से फोन छीनना कबूल लिया। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद लूट की एफआइआर दर्ज की गई।

Exit mobile version