पान मसाला कारोबारी गिरफ्तार, हवाला के आठ लाख रुपये और पिस्टल बरामद

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


एरोड्रम पुलिस ने ड्राइवर के बयान पर की कार्रवाई, सिकलीगर और बिचौलिया को भी पकड़ा।
पेट्रोल पंप गोलीकांड में पुलिस ने पान मसाला कारोबारी अभय गुप्ता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से तीन पिस्टल, कारतूस और आठ लाख रुपये मिले है। गुप्ता हथियार और हवाला माफिया से जुड़ा हुआ है। एरोड्रम थाना पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
टीआइ राजेश साहू के मुताबिक, 20 अगस्त को 60 फीट रोड़ पर आरोपित प्रवीण उर्फ पुताई ने पेट्रोल के रुपये मांगने पर गोलियां चलाई थी। पुताई ने गिरफ्तारी पर बताया कि वह अभय गुप्ता का ड्राइवर है। जिस पिस्टल से फायर हुए वह अभय ने ही दी थी। गुरुवार रात पुलिस ने अभय को बिजासन रोड़ से गिरफ्तार कर लिया। अभय का पान मसाला का कारोबार है। पुलिस को उसके पास से एक पिस्टल, आठ कारतूस और आठ लाख रुपये मिले।
सियागंज के व्यापारियों के लिए करता है काम
अभय ने बताया कि वह सियागंज के व्यापारियों के लिए हवाला का कारोबार करता है। सुरक्षा के लिए उसने अवैध हथियार खरीदे थे। अभय ने बताया, पिस्टल अर्जुन चौहान ने मनावर के सिकलीगर मुकेश भाटिया से दिलवाई थी।अर्जुन सिकलीगरों का बिचौलिया है। पुलिस ने देर रात सिकलीगर मुकेश पुत्र छगनसिंह भाटिया और बिचौलिया अर्जुन पुत्र रमेश चौहान निवासी पंचखेड़ा को भी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version