बायपास पर दो बदमाशों ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर ट्रक लूट लिया।आरोपित होशंगाबाद से लिफ्ट लेकर बैठे थे। ट्रक जलगांव (महाराष्ट्र) की तरफ लेकर भागे हैं।
डीसीपी जोन-1 आदित्य मिश्रा के मुताबिक, राजकुमार पुत्र शंकरलाल पांचाल निवासी उत्कर्ष पैराडाइज कालोनी पीथमपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 1 अप्रैल को कास्ता कंपनी का सामान लेकर पीथमपुर से गाडरवाड़ा गया था। लौटने के दौरान होशंगाबाद-इंदौर मार्ग पर दो आरोपितों ने इंदौर के लिए लिफ्ट मांगी और ट्रक में बैठ गए।
चाकू अड़ाकर हत्या की धमकी दी
2 अप्रैल को रात करीब 3 बजे राजकुमार नायता मुंडला ब्रिज तक पहुंचा ही था कि आरोपितों ने उसे कब्जे में कर लिया। चाकू अड़ाकर हत्या की धमकी दी और रस्सी से हाथ-पैर बांध कर पटक दिया। आरोपित ट्रक भुसावल की तरफ ले गए। दूसरे दिन राजकुमार ने जरूरी काम के बहाने हाथ-पैर खुलवाए और धक्का देकर भाग गया। लोगों की मदद से ट्रक मालिक को घटना बताई और गुरुवार को तेजाजी नगर थाना में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करवाया।
टोलनाका से बचाकर ले गए ट्रक
डीसीपी के मुताबिक, आरोपितों ने टोलनाका से बचने की कोशिश की है। ट्रक को कच्चे और बगैर टोल वाले रास्तों से ले जाया गया है। पुलिस उन बदमाशों को भी ढूंढ रही है, जो पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
