इस्कॉन मंदिर द्वारा रविवार को प्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। सैकड़ों भक्तों ने प्रभु जगन्नाथ और हरे रामा हरे कृष्णा के जयकारे लगाते हुए रथ को खींचा। दोपहर 3 बजे बाद निकली रथयात्रा की शुरुआत राजमोहल्ला स्थित खालसा स्टेडियम से हुई और राजबाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची।
करीब 4 किमी लंबे यात्रा मार्ग में 50 स्वागत मंचों से भक्तों पर पुष्प वर्षा कर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र के विग्रह का पूजन किया गया। रथयात्रा पहली बार शहर के पश्चिम क्षेत्र से निकाली गई। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष महामनदास, 1008 महामंडलेश्वर श्रीदादू महाराज, डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मंत्री तुलसी सिलावट, हरि अग्रवाल, टीकम गर्ग और अनिल भंडारी मौजूद थे।
25 हजार से ज्यादा भक्त शामिल
03 घंटे में पूरी की रथयात्रा
4 किमी क्षेत्र में घूमी यात्रा
50 से ज्यादा मंचों से किया स्वागत
भक्तों को बांटे 11 हजार केले, 1 क्विंटल पेड़े
यात्रा खालसा स्टेडियम से महेश नगर, अंतिम चौराहा, बड़ा गणपति, टोरी कॉर्नर, खजूरी बाजार, राजबाड़ा होते हुए 3 घंटे में गोपाल मंदिर पहुंची। 11 हजार केले, 2.5 क्विंटल सूखे मेवे, 1 क्विंटल पेड़े और मिठाई व बच्चों के लिए टॉफी, बिस्किट वितरण किया।
