इंदौर। नगर निगम इंदौर ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहरभर में अमानक पॉलिथीन और प्रतिबंधित डिस्पोजल के उपयोग को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके चलते चोरी-छिपे शहर में माल सप्लाय किया जा रहा है। दूधिया से दो टन से ज्यादा प्रतिबंधित डिस्पोजल से भरा ट्रक निगम की टीम ने पकड़ा है। इस मामले में एक लाख रुपए का ऑन स्पाट फाइन किया गया है ।
आयुक्त हर्षिका सिंह ने पिछले दिनों निगम स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अमानक पॉलिथीन थैलियों की खपत रोकने और ऐसे मामलों में कडी कार्रवाई के निर्देश भी बैठक में दिए थे। उसी के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए ऐसे मामले पकड़े जा रहे हैं। निगम की टीम को सूचना मिली कि दूधिया से देर रात को एक ट्रक में प्रतिबंधित डिस्पोजल भरकर शहर के कुछ गोदामों पर खाली करने के लिए रवाना किया गया है। ट्रक नंबर के आधार पर एक स्थान पर उसे रोका गया। ट्रक में दो टन से अधिक डिस्पोजल, ग्लास, प्लेट अन्य कई सामग्री के बाक्स रखे हुए थे।
निगम टीम ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पर ट्रक ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने विशाल लालवानी निवासी महालक्ष्मीनगर का नाम बताया। इसके बाद निगम की टीम ने ड्राइवर द्वारा दिए गए नंबर पर फोन लगाकर मौके पर बुलवाया गया। 1 लाख रुपए का स्पाट फाइन किया।
