अन्नपूर्णा क्षेत्र में नशेड़ी बदमाशों ने मंगलवार को आतंक मचाया। 80 वर्षीय वृद्ध दिखे तो रुपए मांगने लगे। इनकार किया तो उनका गला दबाया फिर उठाकर पटक दिया। रहवासी एकजुट हुए और एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना भवानीपुर कॉलोनी में बी-सेक्टर की है। मंगलवार को दो बदमाश और एक युवती यहां आकर घूमने लगे। इसके बाद एक खाली प्लॉट पर बैठकर नशा किया। इसी बीच बुजुर्ग नरहर नारायण पंडित मंदिर में दर्शन के लिए निकले थे। एक बदमाश ने उनका रास्ता रोककर रुपए की डिमांड की।
पुलिस ने युवती को गिरफ्तार नहीं किया
रहवासी रिंकू शर्मा ने बताया कि बदमाश आए दिन इलाके में आकर नशाखोरी करते हैं। वृद्ध के साथ हुई घटना में उनकी जान भी जा सकती थी। हमने पुलिस को सूचना दी और बदमाशों को घेर लिया। पुलिस आने से पहले एक बदमाश भाग निकला, दूसरे को हमने दबोच लिया था। पुलिस उसे थाने ले गई, लेकिन युवती को यूं ही छोड़ दिया।
3 चेन लूट, 1 चोरी की वारदात से आक्रोश
रहवासी मनोज मंत्री ने बताया कि पुलिस गश्त न होने से कॉलोनी में बदमाश रोजाना वारदात कर रहे हैं। दो दिन पहले कॉलोनी में एक व्यापारी के घर में घुसकर बदमाशों ने 22 हजार रुपए व 2 मोबाइल चुराए थे। इसके पूर्व गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग को हथियार सप्लाय करने वाली गैंग ने भी यहां धावा बोला था। रहवासी अनिल शर्मा ने बताया कि इलाके में थाने की बीट के जवान नजर नहीं आते। अब तो रात्रि गश्त अन्नपूर्णा मेन रोड तक ही सीमित रहती है। कॉलोनी में पुलिस मूवमेंट बढ़ाने के लिए अफसरों को शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एक वर्ष में 3 चेन लूट हो चुकी है। गश्त न होने से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उधर, टीआई संजू कामले का कहना है, रहवासियों की सूचना पर एक बदमाश को पकड़ा है।
