नर्सिंग अधिकारियों की मांगों पर बनी सहमति, एक माह तक हड़ताल स्थगित

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग से मुलाकात के बाद नर्सिंग अधिकारी काम पर लौटे, अस्पतालों में फिर से बहाल हुई सेवा।
छह दिनों से दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे नर्सिंग अधिकारियों ने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद हड़ताल स्थगित कर दी और वापस काम पर लौट गए। इससे शासकीय अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी।
नर्सिंग आफिसर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जाट ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग ने हमारी मांगों पर सहमति दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो आर्थिक मांगें हैं जैसे ग्रेड दो, ग्रेड पे, रात्रिकालीन भत्ता आदि के प्रस्ताव कर्मचारी आयोग व वित्त विभाग को अनुशंसा सहित भेज दी जाएंगी। वहीं शेष अनार्थिक मांगों के आदेश विभाग द्वारा एक सप्ताह में जारी कर दिए जाएंगे। इससे हम संतुष्ट हैं और एक माह तक हमारी हड़ताल को स्थगित करते हैं।

परेशान हो रहे थे सरकारी अस्पताल के मरीज
बता दें कि नर्सिंग अधिकारी तीन जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे थे। वहीं, 10 जुलाई से काम बंद कर हड़ताल पर चले गए थे। इसके कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हड़ताल के चलते बाहर से नर्सिंग विद्यार्थियों को मरीजों की देखभाल के लिए बुलाया गया था।

Exit mobile version