दो बाइक से आए बदमाश 60 मोबाइल और घड़ियों से भरा बैग चुराकर ले गए

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

सरवटे बस स्टैंड पर मोबाइल, घड़ियां, चश्मे व दवाई कूरियर करने पहुंचे व्यापारी के साथ रविवार सुबह 4 बजे चोरी की घटना हो गई। दो बाइक से आए बदमाश लोडिंग वाहन से बैग उठाकर भाग गए, जिसमें 60 मोबाइल व घड़ियां, चश्मे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।

छोटी ग्वालटोली पुलिस ने अभिषेक पिता अनिल व्यास निवासी रतनबाग कॉलोनी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना रविवार सुबह 4.15 बजे सरवटे बस स्टैंड की है। फरियादी अभिषेक ने बताया कि 60 फीट रोड पर मेरा रिलाइंस कूरियर नाम से ऑफिस है। मुझे भोपाल और बड़वाह 60 मोबाइल व घडि़यां, चश्मे व दवाई भेजने का ऑर्डर मिला था।

मैंने कर्मचारी दिनेश श्रीवास्तव को पार्सल भेजने बस स्टैंड पहुंचाया था। सुबह दिनेश का फोन आया कि सामान चोरी हो गया। दिनेश ने बताया कि वह जय माता दी बस में दूसरा पार्सल रखवा रहा था, तभी दो बाइक से आए बदमाश मोबाइल और घड़ियों-चश्मों से भरा बैग उठाकर भाग गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version