इंदौर में नशेड़ियों ने चाकू मारकर कर दी थी 10वीं के छात्र की हत्या, नशे में कई लोगों को मारे थे चाकू।
इंदौर में दसवीं के छात्र तुषार रावत की हत्या के आरोपित दूसरे दिन भी नहीं मिले।स्वजन कानून व्यवस्था से नाराज हैं। गुस्साए स्वजन ने चौराहे पर शव रख दिया। पुलिस अफसरों को खूब खरीखोटी सुनाई। तुषार की हर्ष उर्फ हरिओम, उसके पिता कमल राठौर और विक्की, काला आदि ने हत्या कर दी थी।
दिलीपश्री अपार्टमेंट कैलाश मार्ग मल्हारगंज निवासी 21 वर्षीय तुषार पुत्र गौतम राठौर दसवीं की पढ़ाई के साथ-साथ मार्केटिंग का काम करता था। सोमवार रात आरोपितों ने तुषार पर उस वक्त हमला कर दिया, जब वह भूतेश्वर महादेव मंदिर से घर लौट रहा था। दूसरे दिन भी आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लगे। मंगलवार को स्वजन ने तुषार के शव का पोस्टमार्टम करवाया और सीधे अंतिम चौराहा पहुंचे।
नशा कर कई लोगों को मारे थे चाकू
टीआइ राहुल शर्मा से कहा कि तुषार के हत्यारे क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडे हैं। नशा कर लोगों को चाकू मार रहे थे। तुषार की बेवजह हत्या कर दी। हत्यारे नशा करते हैं। पुलिस रिकार्ड में दर्ज होने के बाद भी ध्यान नहीं दिया। वारदात के पौन घंटे बाद पुलिस पहुंची। तुषार के भाई रूपेश पर भी हमला किया। वह काफी देर तक भाई का शव लेकर बैठा रहा। एमवाय अस्पताल पहुंचने पर पुलिसवाले बयान लेने आए। टीआइ ने कहा कि आरोपितों की तलाश में छापे मारे हैं।
