दुष्कर्म का आरोपित रिटायर एसआइ कोर्ट में पेश, पोस्टर लगाकर ढूंढ रही थी पुलिस

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

आरोपित पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित था, किराएदार के घर में घुसकर बच्ची से की थी हरकत। बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में फरार रिटायर एसआइ नाथुराम दुबे गुरुवार को कोर्ट में पेश हो गया। विजय नगर थाना पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। दुबे की गिरफ्तारी पर पुलिस ने तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। घर

और बस अड्डों पर दुबे के पोस्टर तक लगवा दिए थे। दुबे क्राइम ब्रांच और यातायात थाने में पदस्थ रहा है।
विजय नगर टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक, नाथुराम दुबे पर 18 जून को दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। आरोपित चाय पीने के बहाने किराएदार के कमरे में घुस गया और 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद ने केस दर्ज करवाया, लेकिन छापे के पूर्व दुबे घर से फरार हो गया।

पुलिस ने गिरफ्तारी पर घोषित किया था इनाम
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। उसके घर के आसपास और अन्य जगह पर पोस्टर भी लगवा दिए। दबाव बनने पर दुबे गुरुवार को जिला कोर्ट पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी पहुंच गए और दुबे को हिरासत में ले लिया। दुबे मुंह पर मास्क लगाकर कोर्ट गया था, ताकि पुलिस उसको पहचान न सकें।

Exit mobile version