दीवाली के झगड़े में गुंडे की चाकू मारकर हत्या, दो बच्चे गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • वारदात, दो बार जिलाबदर हो चुका आनंद रौब झाड़ता था, अलाव पर हाथ सेंकता देखकर मारा।

इंदौर। चप्पे-चप्पे में पुलिस तैनात होने के बावजूद कई जगहों पर चाकूबाजी हो गई। तिलकनगर थाना क्षेत्र में बच्चों ने गुंडे को मार डाला। गुंडे और बच्चों का दीवाली पर विवाद हुआ था। बुधवार रात बच्चों ने घरकर उसको चाकुओं से गोंद डाला। पुलिस ने दोनों आरोपित (अपचारी) को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कीम-140 में आइडीए मल्टी की है। मृतक का नाम आनंद पुत्र राजू शर्मा है। अनिल राजेश विश्वकर्मा घायल हुआ है। पुलिस ने फरियादी मयंक अमझेरिया की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। टीआइ अजय नायर के मुताबिक घटना करीब 10 बजे की है। आनंद रात में अलाव जला कर हाथ सेंक रहा था। दो नाबालिग वहां पहुंचे और कहा कि तू दीवाली के दिन तेज चल रहा था। तूने हमारे साथ मारपीट की थी।

आनंद ने गालियां देने से मना किया तो ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। हाथ, पेट, पीठ, जांघ पर चाकू लगने से आनंद बेहोश होकर गिर गया। आनंद का साथी अनिल मदद करने आया तो उसके पेट में चाकू घोंप दिया। शोर सुनकर आनंद का भाई यश उर्फ डान आया और साथी जीतू शर्मा, दिलीप, भोला की मदद से अस्पताल ले गया। रात में आनंद की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक आनंद क्षेत्र का गुंडा था। उसके विरुद्ध दस से ज्यादा आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। पुलिस ने दो बार जिलाबदर भी किया था। सितंबर में ही जिलाबदर अवधि पूरी कर लौटा था। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पटाखा फोड़ने पर मारा था चांटा
विवाद दीवाली पर हुआ था। आरोपित घर के पास पटाखा फोड़ रहे थे। तब आनंद ने कहा था कि दूसरे जगह जाकर पटाखे फोड़ो। इस बीच आनंद के भाई से हाथापाई हो गई। आनंद ने उन्हें चांटा मार कर भगा दिया। बुधवार रात आनंद, अनिल, दिलीप, मयंक, भोला ताप रहे थे। आठ लोग आए और मारपीट करने लगे। आनंद पर तलवार से हमला कर दिया। अनिल ने बचाव किया तो उसको पेट में तलवार मार दी। आनंद को गंभीर अवस्था में भर्ती किया लेकिन गुरुवार तड़के पांच बजे मौत हो गई। हमले में आठ लोग शामिल थे। घटना से नाराज आनंद के स्वजन ने गुरुवार शाम पीपल्याहाना चौराहा पर शव रख कर प्रदर्शन किया।

- Advertisement -
Exit mobile version