लाल मिट्टी, तेल, छाछ और हल्दी मिलाकर तैयार कर रहे अखाड़े का मैदान, दो करोड़ रुपये से हो रहा विकास कार्य।
इंदौर में 14 साल बाद होने जा रही महापौर केशरी कुश्ती के लिए नगर निगम द्वारा छोटे नेहरू स्टेडियम के मैदान को तैयार किया जा रहा है। मैदान में 10 डंपर लाल मिट्टी, 500 लीटर तेल, दो हजार लीटर छाछ, 100 किलो हल्दी मिलाई जा रही है। 23 से 26 फरवरी के बीच यहां कुश्ती प्रतियोगिता होगी। ऐसे में निगम द्वारा इस आयोजन के बहाने छोटे नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प भी कराया जा रहा है। स्टेडियम के तीनों प्रवेश द्वार का पुनर्निर्माण किया जा रहा है।
पहले स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों के रुकने के लिए चार कमरे बने हुए थे। अब उनमें से दो कमरों को बाथरूम में तब्दील कर दिया गया है। अब परिसर में महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग सुविधाघर हो जाएगा। दंगल के लिए इंदौर आने वाले खिलाड़ियों को होटल में रुकवाने का इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा बड़े नेहरू स्टेडियम के कमरों को तैयार करने की योजना है
दो करोड़ रुपये खर्च कर किया जा रहा विकास
नगर निगम परिषद सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया के मुताबिक, छोटे नेहरू स्टेडियम में अब पूर्ण रूप से कुश्ती संबंधित गतिविधि हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। परिसर में जूडो संस्थानों के जो कक्ष बने थे, उन्हें बड़े नेहरू स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया है। छोटे नेहरू स्टेडियम में करीब दो करोड़ रुपये से विकास कार्य किए जा रहे हैं। स्टेडियम की गैलरी को रिनोवेट किया गया है। तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। पुरानी पार्किंग का जीर्णोद्धार किया गया है और सीमेंट कांक्रीट का रोड बनाया गया है। स्टेडियम की इमारत में प्लास्टर का काम और जोनल आफिस तक सड़क का निर्माण किया गया है। यहां हरित लान व पैसेज जोन बनाने की योजना भी है।
