कनाड़िया ब्रिज के पास सर्विस रोड पर डंपर को ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा, बच्चा अस्पताल में भर्ती।
खजराना थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें दंपती की मौके पर ही मौत हो गई और चार साल का बच्चा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना उस वक्त की है जब राहुल पुत्र रतनलाल परमार(28) निवासी माडर्न चौराहा (सांवेर रोड) पत्नी करीना (26) और चार साल के बेटे रितिक के साथ बाइक से बिचौली जा रहा था। कनाड़िया ब्रिज के पास सर्विस रोड पर डंपर को ओवरटेक करते हुए वह बाइक से आगे निकला, तो पीछे से डंपर क्रमांक आरजे 09 जीडी 6702 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। संभवत: डंपर से टक्कर लगने के बाद आगे बैठा बच्चा उछलकर साइड में गिर गया और दंपती चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। घायल बच्चे को लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। बता दें कि राहुल फैक्ट्री में काम करता था। वह परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां जा रहा था। उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है। साथ ही डंपर को भी जब्त कर लिया है।
