तेज रफ्तार कार ने दंपती को उड़ाया पति की मौत, पैदल भागे चारों आरोपी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

धार रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक से सड़क पार कर रहे दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी कई फीट उछलकर गिरे और तड़पते रहे। सड़क चलते लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इस बीच तड़प-तड़पकर पति ने दम तोड़ दिया, वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। दंपती की बाइक करीब 50 फीट दूर फिंका गई। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, इससे कार की रफ्तार का अंदाजा लगा सकते हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार दोपहर 2 बजे ग्रेंड माचल रिसोर्ट के सामने हुआ। इसमें पीथमपुर की प्रिंसेज कॉलोनी में रहने वाले लक्ष्मणसिंह सोनगरा (56) की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी रजनी सोनगरा को वेंटिलेटर पर रखा गया है, उन्हें होश नहीं आया है। परिजन ने बताया दोनों बाइक से बड़नगर गए थे। वहां से पीथमपुर जाने के लिए देपालपुर होते हुए लौट रहे थे। जब पीथमपुर फाटे पर जाने के लिए रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी गुजरात तरफ से आंधी की तरह आई कार डीडी 02-जी-7007 ने दंपती को उड़ा दिया।

कार में चार लोग थे, चारों नशे में थे
घटना के बाद वहां भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे एंबुलेंस का एक घंटे तक इंतजार करते रहे। इस बीच लक्ष्मणसिंह का खून लगातार बहता रहा। लोगों ने बताया कार में बैठे चार युवकों ने शराब पी रखी थी। वे कार स्टार्ट कर भागने लगे, लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई तो कार छोड़कर पैदल भाग निकले।

Exit mobile version