ड्राइवर ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबाया, टैंकर से जा टकराई सिटी बस, पांच घायल

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

दुर्घटना में तीन बच्चों सहित दो महिलाएं घायल, बस छोड़कर भाग गया चालक, गुस्साई भीड़ ने पथराव कर कांच फोड़े।
इंदौर में सिटी बस चालक की लापरवाही से यात्रियों की जान पर बन आई। आगे निकलने की होड़ में सिटी बस टैंकर से टकरा गई। हादसे में तीन बच्चे और दो महिलाएं घायल हुए हैं। चालक बस छोड़कर भाग गया। गुस्साई भीड़ ने पथराव कर बस के कांच फोड़ दिए।

आजाद नगर थाना पुलिस के मुताबिक, घटना रिंग रोड की है। रूट क्रमांक-27 की सिटी बस (एमपी 09 एफए 8573) तीन इमली की तरफ जा रही थी। बस खचाखच भरी हुई थी। आगे निकलने के चक्कर में चालक आगे चल रहे वाहनों को ओवरटेक करता जा रहा था। एक-एक वाहन को पीछे कर रहा था। इसी दौरान आगे टैंकर आ गया।

हड़बड़ाहट में चालक ने ब्रेक के स्थान पर एक्सीलेटर दबा लिया और बस टैंकर में घुस गई। चालक को गलती समझ आ गई और बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे में बस में बैठे बच्चे और महिलाएं घायल हो गए। चौराहे पर भीड़ जमा हो गई और पथराव कर कांच फोड़ डाले। पुलिस ने बस को दूसरे चालक की मदद से एक तरफ करवाया।

Exit mobile version