इंदौर शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले दो अलग-अलग जगह लूट की वारदात करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार से नकली पिस्तौल खरीदी और धार से एक असली कट्टा भी खरीद लाए। जिसके बाद दो अलग-अलग जगह लूट की वारदात को अंजाम दिया। बहन की शादी में लिया कर्ज चुकाने के लिए आरोपियों ने लूट की वारदातों को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच और जूनी इंदौर थाना पुलिस ने आरोपियों को धार से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित रुपए भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में दो जगह बिस्किट व्यापारी और पान मसाला कारोबारी के यहां लूट की वारदात हुई थी। दोनों ही वारदात में जो आरोपी दिखे वह लगभग एक जैसे थे। जिसके बाद पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर धार से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लूट को अंजाम देने वाले बड़ा भाई श्रवण और छोटा भाई अंकित सहित उसके जीजा सोनू और उसके दोस्त शिवम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि, घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा धार से जीजा द्वारा आरोपियों को दिलवाया गया था। गिरफ्तार होने के बाद आरोपियों ने लूट की घटना कबूल की।
आरोपियों ने बताया कि, साल 2016 में उनकी बहन की शादी हुई थी। पिता ऑटो चलाते थे, उन्होंने शादी के लिए 7 से 8 लख रुपए कर्जा लिया था। घर का खर्चा और कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा था। जिसके बाद कर्ज से परेशान होकर दोनों भाई कई दिनों तक अलग-अलग कम करते रहे, लेकिन कर्ज खत्म होने का नाम नहीं ले रहा था। छोटा भाई अंकित रैपिडो चलाता था और बड़ा भाई अन्य दूसरे काम करता था। दोनों इस कर्ज को उतार नहीं पाए और लूट करने की साजिश रची।
