जांच करते ही कार छोड़कर भागा नेता, एक युवक ने टीआइ से मांगा लाइसेंस

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

विजय नगर चौराहे पर शनिवार रात लग्जरी कारों की लाइन लग गई। ज्यादातर कारें नशे के कारण रुकी थी। कारों में बैठी युवतियां भी लड़खड़ा रही थी। कोई अफसरों पर रौब झाड़ रहा था तो कोई ले देकर जाने में लगा था। रात तीन बजे तक चौराहे पर बहसबाजी चलती रही। अंततः 20 कारों को रोका और चालकों पर कार्रवाई की।

जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद और एडीसीपी राजेश व्यास खुद चेकिंग करवा रहे थे। दूसरी तरफ एसीपी सोनाक्षी सक्सेना और टीआइ रवींद्र गुर्जर खड़े हुए थे। पुलिस ने एक कार को रोका जो मुंबई पासिंग थी। चालक ने पहले तो कार रोकने पर ही आपत्ति ली। बाद में कहा कि मेरी कार ले जाने के लिए आप लोगों के पास लाइसेंस भी है या नहीं। उसने टीआइ से लाइसेंस मांगा तो टीआइ रवींद्र गुर्जर ने एसआइ और सिपाहियों के पांच लाइसेंस बताए और कहा कि कौनसा लाइसेंस पसंद है, यह देख लो। अंततः उसका चालान बनाया।

नंबर की जगह लिखा था करणी सेना अध्यक्ष
इसी तरह एक कार रोकी, जिसमें युवती भी बैठी थी। नंबर प्लेट के स्थान पर करणी सेना अध्यक्ष लिखा हुआ था। कार चालक ने टीआइ से उसने इधर-उधर बात करवाने की कोशिश की। ब्रिथएनालाइजर से जांच की तो शराब की पुष्टि हुई। उसने डीसीपी से नाम पूछा। पुलिस ने कार बगल में खड़ी करवाई तो वह बगैर साइन किए चला गया। पुलिसकर्मी खुद कार चला कर ले गए।

प्रेमियों को बताया मंगेतर
इसी तरह दो प्रेमी जोड़ों को रोका जो नशे में थे। युवतियों ने पहले पुलिसकर्मियों को डराने का प्रयास किया। थाने ले गए तो टीआइ से कहा कि युवक उनके मंगेतर हैं। स्वजन को अभी इसका पता नहीं है। कार्रवाई हुई तो उन्हें खबर लग जाएगी। टीआइ ने कहा कि मैं खुद कार मंगवा कर छुड़वा देता हूं, लेकिन जिस कार को पकड़ा उसका तो चालान बनेगा।

- Advertisement -
Exit mobile version