चिप्स लेने निकले मासूम बच्चे रास्ता भटके, गांवों में मुनादी और फुटेज जारी कर ढूंढा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

पांच रुपये की चिप्स लेने निकले दो मासूम बच्चे रास्ता भटकने से गुम हो गए। स्वजन ने ढूंढने की कोशिश की लेकिन बच्चों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाले और उन गांवों में मुनादी करवाई जहां बच्चों के जाने की संभावना थी। करीब साढे तीन घंटे चले आपरेशन में बच्चे सकुशल मिल गए।

राजेंद्र नगर थाना प्रभारी सतीश पटेल के मुताबिक, बच्चों के माता-पिता मजदूरी और चौकीदारी करते है। अमर पैलेस (बस्ती) के निर्माणधीन मकान में टापरी बनाकर रहने वाले परिवार की आठ वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा सोमवार को स्वजन से पांच रुपये लेकर चिप्स लेने गया था। काफी देर तक नहीं लौटे तो स्वजन ने दोनों को ढूंढना शुरू किया। पहले आसपास की कालोनियों और दुकानों पर तलाश करने लगे।

घंटो तक सफलता न मिलने पर राजेंद्र नगर थाने पहुंचे और घटनाक्रम बताया। टीआइ पटेल ने अलग-अलग टीमें बनाई और बच्चों को ढूंढने लगे। एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज निकाले। दूसरी टीम मुनादी करवाने लगे। गांव-गांव में तलाशी करना शुरू की। करीब साढ़े तीन घंटे चले आपरेशन में बच्चे अमर पैलेस से चार किमी दूर स्थित गांव छापरी में सकुशल मिल गए। टीआइ के मुताबिक, अमर पैलेस विकसित इलाका नहीं है। वहां अंधेरा भी हो चुका था। इस कारण सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं आए थे। फिर भी जवानों ने धुंधले फुटेज से दिशा तय की और छापरी गांव में घर-घर जाकर बच्चों के संबंध में बताया।

अफसरों ने दो नए थानों का प्रस्ताव बनाया
क्षेत्रफल बढ़ा होने के कारण अफसर नए थाना खोलने की योजना बना रहे हैं। जोन-4 के अंतर्गत आने वाले चंदन नगर और भंवरकुआं क्षेत्र में नए थाने खोलने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। चंदन नगर के टुकड़े कर धार रोड़ और भंवरकुआं थाना क्षेत्र में पालदा थाना खोलने का प्रस्ताव बनाया गया है।

- Advertisement -
Exit mobile version