कदवाली गांव में चार वर्षीय बच्चे की सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह बिस्तर पर उसका शव मिला। स्वजन के अनुसार, सोने से पहले बच्चा बिल्कुल स्वस्थ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की है।
बड़े नाना के साथ सोया था बालक
कदवाली गांव में दूध व्यवसायी दिनेश चौधरी के घर देवास के बरोठा में रहने वाली उनकी बेटी नीतू चार वर्षीय बेटे श्रेयांश के साथ रुकी हुई है। स्वजन के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे श्रेयांश बड़े नाना शोभाराम के साथ सोया था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे वे उठे तो श्रेयांश को चादर ओढ़ाई और चले गए।
सुबह शरीर में कोई हलचल नहीं थी
करीब सात बजे घर के अन्य बच्चे श्रेयांश को उठाने आए तो उन्होंने देखा कि उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। श्रेयांश को एमवाय अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सक ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मांगलिया पुलिस चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह तोमर का कहना है कि पोस्टमार्टम में बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट का इंतजार है।
स्वजन बोले- बिल्कुल स्वस्थ था
श्रेयांश के नाना दिनेश चौधरी का कहना है कि श्रेयांश शनिवार को पूरे दिन खेलता रहा। अच्छे से उसकी दिनचर्या रही। बीमारी के नाम पर उसे खांसी-बुखार भी नहीं था। घर में कोई कुछ नहीं समझ पा रहा है। बच्चे की मौत पर घर में कोहराम मच गया।
मोबाइल पर वीडियो देखकर सोया था
नाना दिनेश के अनुसार श्रेयांश अक्सर मोबाइल में यूट्यूब पर वीडियो देखा करता था। शनिवार रात को भी सोने से पहले वह वीडियो देखता रहा और उसके बाद सोया था। बता दें कि श्रेयांश की मां नीतू पीएससी की तैयारी कर रही हैं। पिता सुमित चौधरी किसान हैं।
गहराया शक, पुलिस जांच में जुटी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार के बीच पुलिस ने बच्चे की मौत की जांच भी शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक परीक्षण में चिकित्सक को श्रेयांश की नाक के पास निशान दिखे। इसके आधार पर शक गहराने लगा। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चिकित्सक पहले शार्ट पीएम रिपोर्ट बना रहे थे, लेकिन बाद में पोस्टमार्टम कराना तय किया गया। सोमवार शाम तक पूरी रिपोर्ट बनेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, यह जानकारी भी सामने आई है कि नीतू दो साल से मायके में रह रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कहीं नीतू से पति का विवाद तो नहीं चल रहा।
