मेघदूत चौपाटी पर बदमाशों ने रेस्त्रां संचालक पर हमला कर दिया। खाने के रुपये मांगने पर आरोपितों ने खोलता हुआ तेल उड़ेल दिया। घायल का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मेघदूत चौपाटी पर बदमाशों ने रेस्त्रां संचालक पर हमला कर दिया। खाने के रुपये मांगने पर आरोपितों ने खोलता हुआ तेल उड़ेल दिया। घायल का एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है। व्यापारियों का आरोप है चौपाटी पर विजयनगर, हीरानगर, परदेशीपुरा क्षेत्र के बदमाश वसूली करते हैं। पुलिसवालों को भी सक्रिय बदमाशों की जानकारी है।
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात की है। फरियादी मुकेश पुत्र राकेश जैन चाइनीज फूड का ठेला लगाता है। डाक्टर कालोनी का बदमाश ऋषभ दूध उर्फ ऋषभ जोशी साथी नमन ठाकुर और राहुल बारिक के साथ ठेले पर आया और खाने का आर्डर दिया। मुकेश ने रुपये मांगे तो आरोपितों ने मारपीट की और खोलता हुआ तेल डाल कर जख्मी कर दिया। अन्य रेस्त्रां संचालकों ने एम्बुलेंस बुलाई और मुकेश को एमवाय अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत गंभीर है।
व्यापारियों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना से चौपाटी के व्यापारी नाराज हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में आपराधिक किस्म के युवकों की बैठक है। दुकानदारों को धमका कर रुपये वसूलते हैं। कईं बदमाश खाने-पीने की सामग्री ले जाते हैं और रुपये नहीं देते। विजयनगर थाना के पुलिसकर्मी अक्सर आते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं करते। टीआइ रवींद्र गुर्जर के मुताबिक आरोपितों के खिलाफ अवैध वसूली का केस दर्ज कर लिया है।
