गुरुसिंघ सभा के सचिव पर हमले में शराब माफिया भाटिया का हाथ, मैनेजर सहित दो गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
  • 25 स्थानों के सीसीटीवी कैमरों से आरोपितों तक पहुंची जूनी इंदौर पुलिस, शराब माफिया की तलाश कर रही पुलिस। कुछ महीने पहले ही जेल से छूटा है।
  • 14 सितंबर को गुरुसिंघ सभा के सचिव 72 वर्षीय जसवीरसिंह गांधी पर घर के सामने हुआ था हमला।
  • धार में आइएएस अफसर पर हमला और अपहरण के मामले में कुछ महीने पूर्व ही जेल से छूटा है शराब माफिया।
  • पुलिस उक्त प्रकरण में जमानत निरस्त करवाएगी। रिंकू भाटिया पर रासुका के तहत भी कार्रवाई होगी।

गुरुसिंघ सभा के सचिव जसवीरसिंह उर्फ राजा गांधी पर हुए हमले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। हमला शराब माफिया रिंकू उर्फ मंजीतसिंह भाटिया ने करवाया था। जूनी इंदौर थाने की पुलिस ने भाटिया के मैनेजर अर्जुन उपाध्याय और कर्मचारी वीरेंद्रसिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया है। षड्यंत्रकारी सहित एक अन्य की तलाश जारी है।

डीसीपी जोन-4 आरके सिंह के अनुसार, खातीवाला टैंक निवासी 72 वर्षीय जसवीर गुरुसिंघ सभा में सचिव हैं। 14 सितंबर को एक युवक उन्हें उस वक्त धक्का देकर भागा, जब वे घर के सामने स्थित बगीचे (वल्लभ गार्डन) से टहलकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने कालोनी व चौराहा के करीब 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले और रविवार सुबह आरोपित वीरेंद्रसिंह ठाकुर (शाजापुर) को गिरफ्तार कर लिया। वीरेंद्र ने पूछताछ में बताया कि घटना में रूपेश ठाकुर (बिहार) भी शामिल था। दोनों रिंकू भाटिया की शराब दुकान पर नौकरी करते हैं। दुकान के मैनेजर अर्जुन उपाध्याय ने उन्हें जसवीर पर हमला करने के लिए कहा था।

शराब माफिया फरार
दोपहर को पुलिस ने अर्जुन को गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि हमला रिंकू भाटिया ने करवाया है। अर्जुन बड़वानी स्थित शराब दुकान का मैनेजर है। पुलिस रिंकू और रूपेश की तलाश कर रही है। रिंकू शराब माफिया है। धार में आइएएस अफसर पर हमला और अपहरण के मामले में कुछ महीने पूर्व जेल से छूटा है।

अकाल तख्त से भी करेंगे भाटिया की शिकायत
रविवार दोपहर केंद्रीय गुरुसिंघ सभा (मप्र-छग) के अध्यक्ष मोनू भाटिया, सुरजीतसिंह टूटेजा, दानवीरसिंह छाबड़ा, कैप्टन वासू सहित सैकड़ों पदाधिकारी जूनी इंदौर थाने पहुंचे और डीसीपी आरके सिंह से मिले। डीसीपी ने बताया कि घटना गंभीर है। आरोपितों ने बताया कि जसवीरसिंह खन्ना पैनल में मुखिया रहे हैं। उन्होंने फतह पैनल के साथ विलय कर लिया है। रिंकू ने पूर्व में भी इमली साहिब गुरुद्वारा में उनसे विवाद कर वीडियो डिलिट करवा दिया था। उसने वर्चस्व कायम करने के लिए जसवीर पर हमला करवाया है। मोनू के मुताबिक, इस घटना से सिख समाज में नाराजगी है। मामले की अकाल तख्त (अमृतसर) को शिकायत की जाएगी। समाजजन ने रिंकू भाटिया से गुरुसिंघ सभा से इस्तीफा मांगा है।

- Advertisement -

अफसर के अपहरण और हमले में शामिल था भाटिया
डीसीपी के मुताबिक, रिंकू उर्फ मंजीतसिंह भाटिया पर कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कुछ महीनों पूर्व धार में प्रोबेशनर आइएएस पर हमला और अपहरण मामले में रिंकू शामिल था। पुलिस उक्त प्रकरण में जमानत निरस्त करवाएगी। अन्य थानों में दर्ज प्रकरणों की जानकारी जुटाई जा रही है। रासुका के तहत भी कार्रवाई करेंगे।

Exit mobile version