गाड़ी हटाने पर दो पक्षों में मारपीट, एयरगन की गोली से दो घायल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

तेजाजीनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह गाड़ी टकराने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक युवक घर से एयरगन ले आया और दो युवकों पर फायर कर दिया। पुलिस ने दो आरोपितों को तो गिरफ्तार कर लिया है। एक एयरगन और एक लाइसेंसी बंदूक जब्त की गई है।

टीआइ आरडी कानवा के मुताबिक घटना ग्राम मिर्जापुर की है। फरियादी महेश पुत्र प्रेमलाल सोलंकी अपने ससुर और साले सतीश रामप्रसाद से मिलने आया था। उसकी बाइक घर के बाहर सतीश के घर के पास खड़ी हुई थी।मिर्जापुर में ही रहने वाला अनूप धनेरा बेलगाड़ी लेकर निकला और महेश की बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि वह बाइक को घसीटते हुए भी ले गया। महेश का साला शुभम और रोहित मालवीय समझाने आया तो अनूप,उसका पिता इंदर और दादा गेंदालाल भी आ गए।
आरोपित घर से लाइसेंसी बंदूक लेकर आए और गोली मारने की धमकी दी। अनूप ने एयरगन से फायर कर शुभम और रोहित को घायल कर दिया।

टीआइ के मुताबिक अनूप पूर्व में भी छेड़छाड़ का आरोपित रहा है। पुलिस ने गेंदालाल और अनुप को हिरासत में ले लिया है। लाइसेंसी बंदूक और एयरगन को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार बंदूक का लाइसेंस निरस्त करवाने के लिए कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखा जाएगा।

Exit mobile version