कार टकराने की बात पर सब्जी मंडी व्यापारी का देर रात अपहरण

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

खजराना थाना क्षेत्र की पाकीजा कालोनी का मामला, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
खजराना थाना क्षेत्र की पाकीजा कालोनी से एक व्यापारी के अपहरण का मामला सामने आया है। रविवार देर रात व्यापारी अपनी कार से कालोनी के गेट पर पहुंचा, उसी दौरान चार बदमाश आए और कार टकराने की बात पर विवाद करने लगे। इस पर उसे कार सहित अपहरण कर अपने साथ ले गए। पूरे मामले में पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

खजराना थाना पुलिस के मुताबिक, चोइथराम मंडी के व्यापारी सैयद इरशाद का अपहरण हुआ है। मामले में पत्नी सैयद परवीन ने थाने पर शिकायत की। इसमें बताया कि रात में चौकीदार ने आकर बताया कि मेरे पति के साथ घर से कुछ दूरी पर कार टकराने की बात को लेकर कुछ लोग विवाद कर रहे हैं। विवाद में आरोपितों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और कार में अपहरण कर अपने साथ ले गए। चौकीदार ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया था।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की तलाश
मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि व्यापारी का पहले किसी से कोई विवाद या रुपये को लेकर लेनदेन तो नहीं था। इरशाद मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है। वह इंदौर में चोइथराम सब्जी मंडी में सब्जी और फल का व्यापार करता है।

Exit mobile version