धार रोड़ स्थित कलारिया में कल मतदान को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने मतदान करने जा रहे युवकों के साथ मारपीट की और पथराव कर दिया। चंदन नगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज की है। डीसीपी (जोन-4) आरके सिंह के मुताबिक, राहुल चौहान चचेरे भाई अभिषेक के साथ मतदान कर लौट रहा था। राजा राजकमल और उसके साथी दिनेश मानीवाल, सचिन चौधरी, राजेश चौधरी ने रोका और दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और पथराव भी किया।
यहां भी हुए विवाद
नालंदा परिसर (बिजलपुर) में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता मतदान केंद्र पर आ गए। टीआइ सियारामसिंह गुर्जर बल लेकर पहुंचे और दोनों को खदेड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 के अंतर्गत आने वाले कुशवाह नगर में भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस नेताओं पर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस आयुक्त को बल भेजना पड़ा।
सांवेर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निपानिया में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने होते रहे। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ दिया।
मांगलिया में भी विवाद की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर रवाना कर दिया।
