इंदौर क्राइम ब्रांच ने बेगमगंज कानपुर निवासी आरोपित को किया गिरफ्तार, 12 मोबाइल फोन की गड़बड़ी की थी, नौ फोन पुलिस ने जब्त किए। जब्त फोन की कीमत करीब आठ लाख रुपये है।
इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है जो ओएलएक्स पर विज्ञापन देने वालों को ही निशाना बनाता था। आरोपित 12 महंगे मोबाइल फोन लेकर भाग चुका है। पुलिस ने नौ फोन बरामद कर लिए हैं। बरामद फोन की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है।
एडीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक, आरोपित का नाम शानू उर्फ शाहबाज अली पुत्र शायर उर्फ जाहिद अली निवासी बेगमगंज कानपुर है। आरोपित के विरुद्ध एक युवक ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। अली ओएलएक्स पर विज्ञापन देने वालों से खरीदार बनकर संपर्क करता था। उन्हें निश्चित स्थान पर बुलाकर फोन खरीदने के संबंध में चर्चा करता। वह फोन का सारा डेटा डिलिट कर देता था। बातों में उलझाकर आरोपित फोन लेकर भाग जाता था।
सिर्फ आइफोन को निशाना बनाता था आरोपित
वह सिर्फ आइफोन को ही टारगेट करता था। एडीसीपी के मुताबिक, उसने 12 फोन की हेराफेरी की है। नौ फोन तो पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही आवेदक शिकायतें लेकर आ रहे हैं।
