इंदौर के एक एसआई के बेटे ने मंगलवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कनाड़िया पुलिस के मुताबिक अभी प्रारंभिक जांच में किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। एसआई कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली हप्सी स्थित पुलिस लाइन में रहते हैं।
पुलिस के मुताबिक अमित (27) पुत्र मांगीलाल धुर्वे ने मंगलवार रात अपने घर के हॉल में फांसी लगाकर जान दे दी। बड़ा भाई अजीत जब देर रात करीब साढ़े 12 बजे के लगभग उज्जैन से घर पहुंचा तो अमित काे आवाज दी। दरवाजा नहीं खोलने पर काफी देर बाद खिड़की से देखा तो वह फंदे पर लटक रहा था।
पिता और परिवार अंदर ही सोए थे
बड़े भाई अजीत ने बताया कि दोपहर में वह विजय नगर भाई दूज पर बुआ के यहां गए थे। इसके बाद उनके दो बच्चों को लेकर अमित बाइक से घर आ गया। शाम को 6 बजे वह कार लेकर उज्जैन चले गए। घर पर पत्नी, मां और पिता सभी मौजूद थे। रात में सब अपने कमरों में सोए थे। जबकि अमित हाल में ही सोता था। उसने हॉल में ही फांसी लगाई इसलिए घर के किसी सदस्य को पता नहीं चला।
पिछले माह ही एसआई पिता को आया लकवा
अमित के पिता मांगीलाल जीआरपी पुलिस में ही एसआई के पद पर हैं। 6 अक्टूबर के दिन ड्यूटी पर ही उन्हें लकवे का अटैक आ गया। इसके बाद कुछ दिन उनका अस्पताल में उपचार चला। अभी वह छुट्टी पर चल रहे हैं। वह ठीक से चलने-फिरने की स्थिती में नहीं हैं।
फर्नीचर के शोरूम पर जाता था
बताया जाता है कि अमित ने पढ़ाई छोड़ दी थी। पिता ने उसे काम का कहा तो वह फर्नीचर के शोरूम पर काम करने लगा। दीपावली के चलते वह दो दिनों से घर पर ही था। परिवार के मुताबिक उसे किसी तरह का तनाव या दिक्कत भी नहीं थी। कनाड़िया पुलिस के मुताबिक परिवार के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
