संभागायुक्त मालसिंह और कलेक्टर इलैया राजा टी ने रविवार को एमवाय अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अव्यवस्था पर नाराजगी जताई।
संभागायुक्त मालसिंह और कलेक्टर इलैया राजा टी ने रविवार को एमवाय अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान वे सबसे पहले तलघर में गए, वहां पड़े कबाड़ को देख नाराज हुए। संभागायुक्त ने डीन और अधीक्षक से कहा कि कहते हो हमारे पर जगह नहीं है और तलघर में कबाड़ भरकर रखा है। इस दौरान उपयोगी समान को रखने व अनुपयोगी समान को नीलाम करने के निर्देश भी दिए। साथ ही योजना बनाकर तलघर के सभी कमरों को उपयोग में लाने के लिए भी कहा।
इसके बाद संभागायुक्त और कलेक्टर मरीजों के लिए खाना बनाने वाली कैंटीन का निरीक्षण करने भी पहुंचे। यहां की व्यवस्था से वे संतुष्ट नजर आए। हालांकि, साफ-सफाई करने के निर्देश संचालक को दिए। साथ ही ट्रामा सेंटर के लिए जगह देखी। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और सड़क निर्माण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कालेज के डीन डा. संजय दीक्षित और अधीक्षक डा. पीएस ठाकुर आदि मौजूद थे।
डाक्टर और मरीजों के स्वजन की कैंटीन में गंदगी का अंबार
संभागायुक्त और कलेक्टर जब डाक्टरों और मरीजों के स्वजन के लिए संचालित कैंटीन में गए तो वहां गंदगी का अंबार नजर आया। उन्होंने फ्रिज खोलकर देखा तो गंदगी के बीच तरबूज काटकर रखा हुआ था। नमकीन की थैलियों में एक्सपायरी तारीख भी नहीं लिखी हुई थी। यहां घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग करते पाया गया। संभागायुक्त और कलेक्टर ने कहा कि ऐसे खाने से तो डाक्टरों की सेहत खराब हो जाएगी। उन्होंने अधीक्षक को कैंटीन संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वे कैंटीन में खड़े वाहनों को देखभर भी गुस्सा हुए। कैंटीन संचालक को तीन दिन में व्यवस्था सुधार करने के निर्देश दिए।
