शुजालपुर के दीप्ती कांवेट स्कूल में इंसानियत को शर्मसार करने वाले एक टीचर द्वारा एक मासूम बच्चे की लोहे की स्केल से की गई बेरहमी से पिटाई के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। अब इस पूरे मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी अपना आक्रोश और विरोध जताते हुए स्कूल मैनेजमेंट से बेरहम टीचर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। दरअसल इस पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश होने के बाद बड़ी संख्या में दीप्ति कान्वेंट स्कूल पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र-छात्राओं ने स्कूल संस्था पर बच्चों से दरिंदगी के साथ साथ धर्मांतरण का भी आरोप लगाते हुए स्कूल परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल स्कूल टीचर की बर्खास्तगी की मांग करते हुए चेतावनी दी है, कि यदि स्कूल मैनेजमेंट द्वारा टीचर पर तत्काल कोई कठोर एक्शन नहीं लिया गया तो हम स्कूल की तालाबंदी कर स्कूल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। हालांकि फरियादी की शिकायत पर स्कूल टीचर के खिलाफ मंडी थाने में विभिन्न धाराओं प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है परंतु पुलिस ने अभी तक आरोपी टीचर को गिरफ्तार नहीं किया है।
