इंदौर में 9th के स्टूडेंट सुसाइड केस में खुलासा:कोचिंग में पढ़ने वाली लड़की को लेकर दो नाबालिगों ने पीटा था, इंस्टा पर मिली चैटिंग

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर के राजेन्द्र नगर इलाके में 2 नवंबर को ब्रिज से कूदकर सुसाइड करने वाले 9th क्लास के स्टूडेंट के मामले में नया खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम चैटिंग के आधार पर पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 नाबालिगों के बयान लिए हैं। सभी नाबालिग मृतक के ही दोस्त हैं। सभी ने पूछताछ में दो लड़कों के बारे में जानकारी दी है। वही मृतक की मां ने भी अपने बयान में बताया कि उनका बेटा घर से कभी ना आने की बात कहकर भागा था। वह दो दिन से तनाव में चल रहा था। उसके मोबाइल में भी ऐसी चैटिंग मिली हैं।

दरअसल, राजेन्द्र नगर के दुर्गा नगर में रहने वाले अभिजीत पुत्र विशाल यादव ने इलाके के ब्रिज से कूदकर अपनी जान दे दी थी। वह एल्पाईन पब्लिक स्कूल में 9th क्लास में पढ़ता था और इलाके की ही एक कोचिंग में भी जाता था। कोचिंग के बाहर बिजलपुर के रहने वाले एक नाबालिग और उसके साथी ने उससे मारपीट की थी। उसने दोस्तों से इस मारपीट को लेकर इंस्टाग्राम पर बात भी की थी। परिवार ने चैट रिकॉर्ड पुलिस को सौंपे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने मृतक के 8 नाबालिग दोस्तों के बयान लिए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कोचिंग में पढ़ने वाली एक लड़की से बातचीत करने को लेकर उसके साथ मारपीट की गई।

दोस्ती थी, शंका करता था आरोपी नाबालिग
कोचिंग में पढ़ने वाली एक लड़की से पढ़ाई के चलते अभिजित की बातचीत थी। लेकिन यहीं पढ़ने वाला एक नाबालिग दोनों में बातचीत को लेकर उस पर शंका करता। इसी बात को लेकर उसके साथ बहस हुई और उसने दोस्तों को बुलाकर अभिजित के साथ मारपीट की।

मां ने भी जताई थी शंका
पुलिस को बड़े भाई के मोबाइल में अभिजित की चैटिंग मिली। जिसमें उसने मारपीट की बात की है। पुलिस को दिए बयान में मां ने भी अभिजित के साथ कोचिंग के लड़कों द्वारा मारपीट करने की बात कही है। मोबाइल में मिली चैटिंग को लेकर कोचिंग में पढ़ने वाली दो लड़कियों से भी पुलिस ने इस मामले में बात की है।

- Advertisement -
Exit mobile version