इंदौर में 13 सितंबर को निकलने वाली देवी अहिल्या की पालकी यात्रा में शामिल होंगे योगी आदित्यनाथ

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन भी जाएंगे। देवी अहिल्याबाई पुण्य स्मरण समारोह कार्यक्रम में हुआ बदलाव।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 सितंबर को सुबह 10 बजे इंदौर आएंगे। वे एयरपोर्ट से ही महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन रवाना हो जाएंगे। इदौर में वे देवी अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण करने राजवाड़ा भी जाएंगे। इसके बाद वे रवींद्र नाट्यगृह में आयोजित देवी अहिल्याबाई की 228वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पुण्य स्मरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
यह जानकारी अहिल्या उत्सव समिति के प्रमुख संयोजक सांसद शंकर लालवानी ने रविवार को हिंदी साहित्य समिति भवन में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के आगमन के कारण अहिल्या पुण्यतिथि के बदले हुए कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्याबाई का पुण्य स्मरण समारोह 13 सितंबर को गांधी हाल के स्थान पर रवींद्र नाट्यगृह में दोपहर 3 बजे होगा। परंपरा अनुसार पालकी यात्रा शाम साढ़े पांच बजे गांधी हाल से ही निकलेगी। लालवानी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी इंदौर नगर निगम एवं नाथ मंदिर के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
देवी अहिल्या की प्रतिमा को पालकी में करेंगे विराजित
अहिल्या उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक डागा और मीडिया प्रभारी रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा को रवींद्र नाट्यगृह में ही पालकी में विराजित कर उनका पूजन करेंगे। रविवार को हुई बैठक में सुधीर दांडेकर, नीलेश केदारे, दीपिका नाचन, विनीता धर्म, हिंदी साहित्य समिति अध्यक्ष अरविंद जवलेकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version