- सार्वजनिक वितरण प्रणाली का चावल हाेने पर पालदा स्थित गोदाम को खाद्य विभाग ने किया था सील।
इंदौर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का चावल मिलने पर पालदा स्थित गोदाम को खाद्य विभाग ने सील कर दिया था। इस सील गोदाम का निरीक्षण करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम को शटर के कुंदे टूटे हुए मिले। इसके बाद सील गोदाम में रखे चावल की अफरा-तफरी करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने पर गोदाम संचालक मुकेश रोकडे के खिलाफ भंवरकुआं थाना में प्रकरण दर्ज कराया गया।
दरअसल, खाद्य विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर उद्योग नगर पालदा स्थित गोदाम का निरीक्षण 15 दिसंबर को किया था। उक्त गोदाम मुकेश रोकडे ने राजकुमार गुप्ता से किराए पर लिया था। गोदाम संचालक रोकडे जांच के दौरान मौके पर उपस्थित नहीं होने और शटर का ताला लगा होने पर गोदाम को सील कर दिया गया था। इसके बाद मुकेश रोकडे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
कटे हुए थे शटर के कुंदे
जिला आपूर्ति नियंत्रक मोहन मारू ने बताया कि 17 दिसंबर को खाद्य विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान गोदाम सील मिला, लेकिन शटर के कुंदे कटे हुए थे। इसके बाद गोदाम का भौतिक सत्यापन किया, तो इसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के आठ बोरे चावल मिले, जिन्हें जब्त किया गया। मुकेश रोकडे पर आइपीसी की धारा 186 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
