मौलाना हाफिज शादाब की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद नगर निगम के सफाईकर्मियों ने चंदन नगर क्षेत्र में काम बंद कर दिया था।
इंदौर में सफाईकर्मियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना हाफिज शादाब का शुक्रवार को विधायक आकाश विजयवर्गीय ने वाल्मीकि समाजजन के साथ पुतला दहन किया।
इस अवसर पर विधायक विजयवर्गीय ने कहा कि वाल्मीकि समाज परिश्रमी, पराक्रमी और स्वाभिमानी है। कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब कर नफरत फैलाना चाहते हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहना जरूरी है। वाल्मीकि समाज की मेहनत से इंदौर स्वच्छता में नंबर वन आता रहा है। विधायक विजयवर्गीय ने कहा कि हमने प्रशासन से आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
गौरतलब है कि आरोपित शादाब का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह वाल्मीकि समाजजन को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वाल्मीकि समाज में आक्रोश है। इसके चलते सफाईकर्मियों ने चंदन नगर क्षेत्र में काम भी बंद कर दिया था। मौलाना की टिप्पणी से इंदौर के सफाईकर्मियों में रोष है।
