साइबर ठगी, जस्ट डायल पर काल कर ढूंढा था डाक्टर का नंबर। आनलाइन अपाइटमेंट लेना भी जोखिम भरा हो गया। नंबर लगाने के बहाने ठग रुपये निकाल रहे है। एक महिला के साथ इस प्रकार की घटना हो चुकी है। पुलिस ने ठग के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसने लिंक भेजकर फोन हैक कर लिया था। जिन खातों में रुपये जमा हुए वह अहमदाबाद के पाए गए है। साइबर सेल ने एडवाइजरी जारी कर सावधान रहने की चेतावनी दी है।
आरोपित ने लिंक भेज कर पांच रुपये आनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए भुगतान करने के लिए कहा, लिंक खोलने के बाद खाते से रुपये निकाल लिए
खजराना पुलिस के मुताबिक घटना साईंश्रृद्धा कालोनी निवासी अंजली कन्हैया शर्मा के साथ हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष 28 सितंबर को मां सरोज को हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहती थी। उन्होंने जस्ट डायल पर काल कर डाक्टर कुंदनसिंह कुशवाह (स्कीम-78)के नंबर ढूंढे। कुछ देर बाद एक व्यक्ति का काल आया और कहा डाक्टर से अपाइमेंट तो मिल जाएगा लेकिन उसके लिए पांच रुपये से रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। ठग ने एक लिंक भेजी और कहा कि उसे भर दे और आनलाइन पांच रुपये का भुगतान भी कर दे। अंजली ने फार्म भरा और मां को डाक्टर के पास ले गई, लेकिन वहां उनका अपाइमेंट ही नहीं था। रिसेप्शन पर भी इस तरह के वार्तालाप से इन्कार कर दिया। अंजली को शक हुआ लिंक डिलिट की तो दनादन मैसेज आना शुरू हो गए। आरोपित ने लिंक के माध्यम से फोन हैक कर लिया था। वह तीन बार में खाते से 50 हजार रुपये निकाल चुका था।
