इंदौर में बोले कैलाश विजयवर्गीय- संसद में घुसपैठ नहीं, कांग्रेस सांसद से 400 करोड़ रुपये मिलना बड़ा मुद्दा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


विजयवर्गीय बोले-17 दिसंबर को होने वाली बैठक में मप्र के मंत्रिमंडल को लेकर सब कुछ तय हो जाएगा। पटवारी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद समर्थक विजयवर्गीय में तलाश रहा भाजपा अध्यक्ष।
इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक कैलाश विजयवर्गीय बीते दिनों संसद में हुई घुसपैठ को बड़ा मुद्दा नहीं मानते। उनके अनुसार कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के ठिकानों से 400 करोड़ रुपये मिलना इससे बड़ा मुद्दा है। विपक्ष ध्यान भटकाने के लिए संसद की घुसपैठ को तुल दे रहा है।
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए विजयवर्गीय ने इंदौर में कहा कि मुझे लगता है संसद की सुरक्षा में चूक छोटी बात है, जिसे विपक्ष ने बहुत बड़ा बना दिया। कांग्रेस सांसद धीरज साहू के यहां 400 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति मिली है, उस पर कोई नहीं बोल रहा। ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस संसद की घटना को जबरदस्ती बड़ा मुद्दा बना रही है।
मेरे पास अभी भी बड़ी भूमिका
विधानसभा चुनाव के बाद से विजयवर्गीय ने दिल्ली में डेरा डाला था। वे शुक्रवार शाम ही इंदौर लौटे। मध्य प्रदेश में अगली भूमिका के सवाल पर बोले- मेरे पास अभी भी बड़ी भूमिका है, पार्टी का महामंत्री हूं। प्रदेश सरकार के नए मंत्रिमंडल को लेकर कहा, 17 दिसंबर को होने वाली बैठक में सब कुछ तय हो जाएगा। उन्होंने यह भी इशारा दिया कि मंत्रिमंडल के नाम भी दिल्ली से ही तय होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका में देखना चाहते हैं समर्थक
चुनाव से पहले विजयवर्गीय ने कहा था- मैं सिर्फ विधायक बनने नहीं आया हूं। पार्टी की ओर से मुझे बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। ऐसे में अब विजयवर्गीय के समर्थक उन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष या ऐसी ही बड़ी भूमिका में देखने की उम्मीद कर रहे हैं। इंदौर के नेता जीतू पटवारी के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विजयवर्गीय को अध्यक्ष बनाने की मांग भी उनके समर्थकों ने तेज कर दी है।

Exit mobile version