इंदौर में बोले कैलाश विजयवर्गीय- अधिकारियों के भरोसे रहे तो योजना का बंटाढार हो जाता

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • भाजपा कार्यालय पर इंदौर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीते भाजपा प्रत्याशियों का हुआ अभिनंदन।
  • विजयवर्गीय बोले- जो लोग पहले भाजपा को वोट नहीं देते थे, वो आज प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण योजनाओं के कारण वोट दे रहे हैं।
  • तुलसी सिलावट ने कहा- इंदौर की जनता ने कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेर दिया। हमने सेमीफाइनल जीत लिया, अब फाइनल में जीतना है।
  • सांसद शंकर लालवानी ने कहा- इंदौर की प्रचंड जीत की चर्चा दिल्ली तक हो रही है। इसका श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है।

इंदौर। अधिकारियों के भरोसे रहे तो योजना का बंटाढार हो जाता। कार्यकर्ता मुझे बताते हैं कि अधिकारियों का रवैया बदल गया है। आजकल नमस्ते कर रहे हैं। चाय भी पिला रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि गुना की घटना में प्रथमदृष्टया जो दोषी थे, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। यह अच्छी शुरुआत है। सरकार ऐसे चलती है। हमें इस पर गर्व है।
यह बात कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का परचम लहराने वाले विधायकों के अभिनंदन समारोह में कही। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत का श्रेय इंदौर की जनता को जाता है। जो लोग पहले भाजपा को वोट नहीं देते थे वे भी आज प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं के कारण पार्टी को वोट दे रहे हैं। इस जीत से सभी कार्यकर्ताओं के कंधे पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। हमें ध्यान रखना है कि इंदौर में कोई भी गरीब ऐसा न रहे जिसे योजना का लाभ न मिले। हमें घर-घर जाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार करना है। कार्यक्रम की शुरुआत में इंदौर में हुए रेल हादसे में मृत दोनों किशोरियों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

सेमीफाइनल जीत लिया, अब फाइनल जीतना है
कार्यक्रम में सिलावट ने स्वागत नहीं करवाया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में रेल हादसे में दो बच्चियों की असमय मौत हुई है। वे माला नहीं पहनेंगे। उन्होंने कहा कि इंदौर का प्रभाव प्रदेश सहित पूरे देश में पड़ता है। इंदौर की जनता ने कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। हमने सेमीफाइनल जीत लिया, अब फाइनल में जीत दर्ज करना है।
इंदौर की प्रचंड जीत की चर्चा दिल्ली तक
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर की प्रचंड जीत की चर्चा दिल्ली तक है। इसका श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। भाजपा के नगराध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि इतिहास एक दिन में नहीं बनता है। कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम से यह संभव किया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूसिंह रघुवंशी, गोपीकृष्ण नेमा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, राकेश गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, मनोज पटेल भी उपस्थित थे।

Exit mobile version