इंदौर में पहले ही दिन सर्वर डाउन, महिलाएं होती रही परेशान

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में सभी वार्ड और जोनों में लगे शिविर, कई जगह लिंक फेल हो गई, महापौर ने किया शिविरों का निरीक्षण।
लाड़ली बहना योजना के आवेदन शनिवार से लेना शुरू हो गए। नगर निगम ने हितग्राही महिलाओं के आवेदन लेने के लिए सभी वार्ड और जोनों में शिविरों के आयोजन किए। लेकिन पहले ही दिन शिविरों में अव्यवस्था सामने आई। इसके कारण शिविरों में पहुंचीं महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई शिविरों में लिंक फेल हो गई। कई वार्डों में दोपहर बाद तक आवेदन जमा नहीं हुए। इस बीच कुछ पार्षदों ने अमले के नहीं पहुंचने की शिकायत भी की।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव शिविर में निरीक्षण के लिए पहुंचे। पालदा-पत्थर मुंडला क्षेत्र में शिविर की जगह बदल दी गई। वार्ड के रहवासियों ने शिकायत की कि पत्थर मुंडला में कोई शिविर नहीं लगा। पालदा क्षेत्र में कुछ ही मीटर की दूरी पर दो शिविर लगा दिए गए। ऐसे में महिलाओं को काफी दूर तक आना पड़ा। इन शिविरों में भी कंप्यूटर आपरेटर दोपहर 12 बजे तक नहीं पहुंचे। पार्षद कुणाल सोलंकी के अनुसार, शिविर का समय सुबह 8 बजे से था। छह बजे से महिलाएं नंबर लगाने पहुंच गईं थीं। दोपहर तक कंप्यूटर आपरेटर के आने का इंतजार करतीं रहीं। बाद में आपरेटर पहुंचा तो आवेदन की आनलाइन लिंक फेल हो गई और सर्वर डाउन हो गया। महिलाओं को बिना पंजीयन लौटना पड़ा।

महापौर ने किया शिविर का निरीक्षण
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी शिविर में निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने वार्ड 57 में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्था का अवलोकन किया। माता-बहनों को लाड़ली बहना योजना के विषय में सविस्तार जानकारी दी। इस मौके पर स्थानीय पार्षद सुरेश टाकलकर भी मौजूद थे।

Exit mobile version