इंदौर में नाना के घर आए तीन साल के बच्चे की बारूद के धमाके से मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में हादसा, पारिवारिक विवाद के कारण इकलौते बेटे और पत्नी को ससुराल में छोड़ दिया था।
इंदौर। नाना-नानी के घर इंदौर आए एक तीन साल के बच्चे की झुलसने से मौत हो गई। वह कचरा जलाने के दौरान बारूद की चपेट में आ गया था। एमवाय अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई।
लसूड़िया थाना पुलिस ने बताया कि तीन वर्षीय सार्थक पिता नीरज माखीजा की मौत हुई है। सार्थक के पिता ने पारिवारिक विवाद के कारण बेटे और पत्नी को ससुराल में छोड़ दिया था। बताते हैं कि दीपावली की सफाई के दौरान कचरा इकट्ठा हुआ था। घर के बाहर पड़े कचरे में सार्थक के छोटे नाना ने आग लगा दी थी। सार्थक खेलते हुए वहां पहुंचा, इसी दौरान कचरे में बारूद होने से धमाका हुआ और सार्थक उसकी चपेट में आ गया। झुलसे बच्चे को 20 अक्टूबर को इंदौर के एमवाय अस्पताल में बर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को मौत हो गई।
घर में ही बनते थे पटाखे
बताया जाता है कि सार्थक के नाना के साड़ू भाई का बेटा इसी मकान में पटाखे बनाता था। कुछ दिन पहले ही उसने मकान खाली किया था। इस मकान की सफाई में निकला कचरा घर के बाहर पड़ा था। उसमें कुछ बारूद भी था। सार्थक के छोटे नाना इसी कचरे को जला रहे थे। सार्थक भी पास में खेल रहा था। सार्थक माता-पिता का इकलौता बेटा था।

Exit mobile version