- व्यापारी के घर घटना, पुलिस देर रात तक रही मौजूद। पुलिस को इस चोरी की घटना पर एक ही गैंग पर शक है।
इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में व्यापारी के घर से गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाश 20 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चुराकर फरार हो गए और आसपास रहने वालों को भनक तक नहीं लगी। पुलिस के मुताबिक शिवमोती नगर निवासी हेमंत कुमार के यहां चोरी की घटना हुई है।
उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि छोटे भाई के यहां सगाई का कार्यक्रम था। पत्नी व चाची को साथ लेकर सुबह 8.30 बजे गया था। बेटा शुभम 10.30 बजे घर पर ताला लगाकर सगाई में आ गया था। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे नौकरानी काम पर आई तो दरवाजा खुला हुआ था। सूचना पर पडोसी को घर भेजा तो सभी सामान अस्त-व्यस्त था।
जब हम घर पर पहुंचे अलमारी में रखें लाखों के गहने सहित रुपये नहीं थे। ऊपर जाकर देखा तो छत की ग्रिल टूटी हुई थी। बदमाश छत से अंदर आए थे। सूचना पर जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों को भी फोन लगाएं। मौके पर एफएसएल और डाग स्क्वाड की टीम भी पहुंची। उन्होंने आरोपितों के फिंगरप्रिंट लिए। देर रात तक पुलिस मौजूद रही।
एक ही गैंग पर पुलिस को शक
पुलिसको इस चोरी की घटना पर एक ही गैंग पर शक है, क्योंकि जिस तरह से यह चोरी की गई है, पहले भी इसी तरीके से घटनाएं हो चुकी हैं। इसके पहले अन्नपूर्णा क्षेत्र में एक डाक्टर के घर हुई चोरी में भी बदमाशों ने वारदात का तरीका यही रखा था। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
