इंदौर में डीजे बजाने पर स्टूडेंट्स को पीटा, 5 घायल:एक बचने के लिए छत से कूदा, हाथ-पैर टूटे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के एरोड्रम इलाके में गुरुवार को डीजे बजाने की बात पर तीन से ज्यादा लोगों ने स्टूडेंट्स पर डंडे और हथियारों से हमला कर दिया। इसमें पांच स्टूडेंट्स घायल हो गए। हमले से बचने के लिए एक छत से कूद गया। इससे उसका हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने मामले में तीन से अधिक आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना श्रीराम नगर कच्छा वाला रोड की है। यहां अभिषेक ठाकुर निवासी जूना रिसाला की शिकायत पर कमल, दिनेश और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। अभिषेक ने बताया कि वह रितिक और अमित सैनी के घर पर होली मिलने गया था। इस दौरान घर के बाहर डीजे बज रहा था। तभी आरोपी दिनेश वहां आया और अमित से कहा कि डीजे क्यों बजा रहे हो। इस पर दिनेश और अमित के बीच कहासुनी हो गई। दिनेश ने अपने साथी कमल व अन्य को बुला लिया। आरोपियों ने इस दौरान डंडे, लोहे के सरिए और हथियार निकाले और एकाएक वहां डांस कर रहे लोगों पर हमला कर दिया।

इससे घबराकर लोग घरों में भागे। उनके पीछे-पीछे आरोपी भी घर में घुस गए। इसके बाद हर्षित भागते हुए छत पर चढ़ गया। जहां आरोपी डंडे लेकर उसके पीछे भागे। इस दौरान वह छत से कूद गया। कूदने से उसका संतुलन बिगड़ा और उसका हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गया। इस हमले में अंशुल तिवारी, अमित, हर्षित, अमन व एक अन्य घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। अभिषेक के मुताबिक सभी घायल युवक अलग-अलग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे है। पुलिस उक्त मामले में जांच कर रही है।

Exit mobile version