इंदौर शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने एसपी के घर को भी नहीं बख्शा और एसपी के घर पर चोरी का धावा बोल दिया। घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले आगर के एसपी के घर की है। जहां दो अज्ञात बदमाश बेखौफ होकर पहुंचे और उन्होंने घर के अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण बदमाश तुरंत मौके से भाग निकले।
आरोपियों ने मेन गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। इसके बाद पुलिस ने 2 अज्ञात चोरों खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बदमाशों ने ताला तोड़ने का किया प्रयास
जांच अधिकारी आरएस दंडोतिया ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र के ओमेक्स सिटी में रहने वाले आगर के एसपी संतोष कोरी के घर 26 अप्रैल को रात 10:00 बजे के करीब दो अज्ञात व्यक्ति कार से उतरते हैं। घर के अंदर जाकर चोरी करने का प्रयास करते हैं। दोनों ही बदमाशों द्वारा घर के बाहर लगा हुआ ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन जैसे ही दोनों बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे देखें दोनों ही मौके से फरार हो गए।
इसके बाद लसूड़िया पुलिस को इसकी जानकारी दी। लसूड़िया पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
