इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। कचरा खाली कर जोन लौट रही डोर टू डोर कचरा कलेक्शन गाड़ी अचानक धूं-धूं कर जलने लगी। राहगीरों ने गाड़ी जलते देख ड्राइवर को इसकी सूचना दी। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी साइड में लगाई और खुद गाड़ी से कूदकर जान बचाई। हादसे में कचरा वाहन पूरी तरह से जल गया है। फायर ब्रिगेड की दमकलों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आरंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
जोन 14 के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राम लौवंशी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन वाहन का ड्राइवर आकाश सिकरवार 15वीं बटालियन स्थित केंद्र पर कचरा खाली कर जोन लौट रहा था। फूटी कोठी चौराहे के पास वाहन में अचानक आग लग गई। जलते वाहन को देख यातायात थम गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग में वाहन पूरी तरह से जल गया है। उसे नगर निगम वर्कशाप पहुंचाया गया।
ज्यादातर वाहनों की हालत खराब
शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में डेढ़ दर्जन से ज्यादा गाड़ी लगी हैं। नगर निगम ने इन्हें कोविड से पहले खरीदा था। रखरखाव के अभाव में इनमें से ज्यादातर गाड़ियां खराब हो चुकी हैं। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन वाहन खराब होने से कई-कई दिन तक कचरा नहीं उठता है। रहवासी इसकी शिकायत भी करते हैं, लेकिन कुछ नहीं होता। कचरा कलेक्शन वाहन नियमित नहीं आने पर कई बार रहवासियों और निगमकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनती है।
